बिलासपुर पुलिस ने 9.05 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार (Arrest) किया है। जिला पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पट्टा चौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को नशे की खेप के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान अजय ठाकुर (32) निवासी बैहल कण्डैला बामटा के रूप में हुई है। आरोपी किरतपुर की ओर से मोटरसाइकिल (Bike) पर आ रहा था, जिसे पुलिस (Police) ने जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला (Case) दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा आरोपी कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस रिकॉर्ड (Record) के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 10 मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 और 2023 में चिट्टा बरामदगी से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपी के संपर्कों और संभावित नशा सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि उसका नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से इस कार्य में सहयोग की अपील की है।

