महाराष्ट्र (Maharashtra) के बारामती में प्लेन क्रैश में डिप्टी सीएम (Deputy CM) अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत (Death) हो गई है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर बारामती में यह हादसा हुआ है। विमान में अजित पवार के अलावा चार अन्य लोग सवार थे। इनमें दो क्रू मेंबर और अजित पवार के दो सहयोगी भी थे।
डीजीसीए के मुताबिक हादसे में किसी के बचने की उम्मीद नहीं है। एनसीपी नेता अजित पवार को लेकर यह चार्टर प्लेन मुंबई से बारामती जा रहा था। यह चार्टर विमान सुबह लैंडिंग के समय क्रैश हो गया।जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गईं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक अजित पवार वहां किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। यह पता नहीं चल सका है कि विमान हादसे किस वजह से हुआ। मौके से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें साफ देखा जा सकता है कि विमान में भयंकर आग लगी है। तेज धुआं उठ रहा है। जो वीडियो सामने आया है, उसमें अजित पवार का विमान खेत में क्रैश हुआ दिख रहा है।
बताया जा रहा है कि प्लेन बारामती एयरपोर्ट पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अजीत पवार जिला परिषद चुनावों को लेकर बारामती में एक सभा करने के लिए गए थे। इस विमान हादसे पर पीएम मोदी सहित देश के कई बड़े नेताओं ने शोक प्रकट किया है। वहीं महाराष्ट्र में शोक की लहर है।

