ऊना। जिले के हरोली उपमंडल के घालुवाल में एक प्रवासी मजदूर की हत्या (Murder) कर दी गई है। इस वारदात को अंजाम देने का आरोप पड़ोस में रह रहे पिता (Father), पुत्र और बहू पर लगा है।
जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर बिहार निवासी मजदूर की पड़ोस में रह रहे पिता-पुत्र से बहसबाजी हो गई। इसके बाद आरोपी पिता, पुत्र और बहू ने लकड़ी और लोहे का रॉड से प्रवासी मजदूर और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया।
इससे दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने इस वारदात के सिलसिले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की शिनाख्त बिहार के मुंगेर निवासी प्रमोद कुमार (50) के रूप में हुई है। प्रमोद की पत्नी कबूतरी देवी गंभीर घायल हुई हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने कहा कि प्रमोद कुमार की झोपड़ी के पास रहने वाले प्रवासी श्रमिक सूचित और उसके बेटे अंशुल के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इस दौरान उन्होंने प्रमोद से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसका प्रमोद ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। अंशुल की पत्नी भी मारपीट में शामिल हो गई।
मारपीट के दौरान प्रवासी मजदूर प्रमोद के सिर पर तीनों आरोपियों ने लकड़ी और लोहे की रॉड से कई वार किए। अपने पति को बचाने के आई कबूतरी देवी आई तो हमलावरों ने उस पर भी वार किए। हमले से दोनों पति-पत्नी गंभीर घायल हो गए।
इसके बाद प्रमोद ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने प्रमोद के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।