सोलन। जिले में ड्यूटी (Duty) में कोताही बरतने वाले पुलिस (Police) कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव सिंह ने देर रात औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी है।
जानकारी के मुताबिक एसएसपी ने बुधवार तड़के करीब 2 बजे के बाद परवाणु, धर्मपुर और सोलन सदर थाना क्षेत्रों में अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान 5 पुलिसकर्मी और 4 होमगार्ड जवान ड्यूटी में कोताही बरतते हुए पाए गए।
पुलिस कर्मियों के द्वारा नाकेबंदी के दौरान ढिलाई और लापरवाही की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इनको गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने बिना पूर्व सूचना रात्रि निरीक्षण की योजना बनाई। निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही पर 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं 1 पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अतिरिक्त होमगार्ड जवानों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
एसएसपी ने कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई का क्रम आगे भी जारी रहेगी।
