सोलन। जिले के कसौली क्षेत्र में पति (Husband) ने अपनी नव विवाहिता पत्नी (Wife) की हत्या (Murder) कर दी है। पति ने मामूली झगड़े में मृतका की तेजधार हथियार से कई वार किए। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार कसौली के शनोगी गांव निवासी चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच शनिवार रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर गुस्से में आकर चतर सिंह ने पत्नी पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए।

गंभीर चोटों के चलते सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर में खून से लथपथ हालत में सुमन का शव बरामद किया। जांच के दौरान महिला के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव पाए गए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि हमला बेरहमी से किया गया है। बताया जा रहा है कि चतर सिंह और सुमन की शादी नवंबर, 2025 में ही हुई थी।

शादी के मात्र तीन महीने बाद इस तरह की खौफनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी का कहना था कि सुमन की हत्या उसके पति ने ही की है।

मृतका की रिश्तेदार पूजा निवासी शामती ने पुलिस को बताया कि परिवार को नरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर झगड़े की सूचना दी थी। इसके बाद जब वे घर पहुंचे तो सुमन मृत अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के बाद रविवार देर शाम आरोपी पति चतर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू और एक कैंची बरामद की है, जिनका इस्तेमाल हत्या में किए जाने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। मगर हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हर पहलू से केस की तफ्तीश कर रही है।

Leave A Reply

Exit mobile version