सोलन। कुनिहार में एक कार (Car) के सड़क के पेड़ (Tree) से टकराने से उसमें सवार 22 साल की युवती की मौके पर ही मौत (Death) हो गई है। वहीं कार चालक गंभीर रूप से घायल (Injured) हो गया है।
इस संबंध में पुलिस (Police) ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106 (1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिल जानकारी के मुताबिक थाना कुनिहार की टीम गश्त और मोबाइल नाकेबंदी के दौरान नए बस अड्डा चौक से पुराने बस अड्डे की तरफ जा रही थी। इस दौरान सड़क के बाईं ओर एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार (एचपी-11ए-6156) दुर्घटनाग्रस्त हालत दिखी।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। उस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि हादसे में घायल लोगों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां कार चालक आकाश ठाकुर पुत्र कृष्ण चंद ठाकुर निवासी गांव हाटकोट डाकघर कुनिहार तहसील अर्की जिला सोलन घायल अवस्था में उपचाराधीन थी।
कार में सवार युवती आहना चैटर्जी पुत्री श्याम चैटर्जी निवासी गांव व डाकघर बनूटी तहसील व जिला शिमला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल अर्की के शवगृह भेजा गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक आकाश ठाकुर कोठी चौक से पुराने बस अड्डा कुनिहार की ओर युवती के साथ जा रहा था। इस दौरान वाहन की गति अत्यधिक तेज थी, जिससे कार सड़क के किनारे पेड़ से जा टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
इससे हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुष्टि डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने की है।
