कुल्लू। अवैध संबंधों के शक में हुई जूनियर इंजीनियर (JE) लाभ सिंह (52) की हत्या (Murder) हुई थी। लेडी डॉक्टर (Doctor), ससुर (Father In law), पति और देवर पर आरोप लगा है। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। कुल्लू में जलशक्ति विभाग के जेई की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को पुलिस की एसआईटी (SIT) ने सुलझाने का दावा किया है।

एएसपी (ASP) संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित सात सदस्यीय विशेष जांच दल ने मोबाइल कॉल डिटेल, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले की परत-दर-परत जांच करते हुए कथित साजिश का खुलासा किया।

जांच के अनुसार 24 जुलाई की शाम करीब 7:15 बजे जेई लाभ सिंह को पानी की पाइप लाइन चेक करने के बहाने गांधीनगर स्थित एक लेडी डॉक्टर के घर बुलाया गया। आरोप है कि वहां पहले से योजना के तहत उन्हें कमरे में बैठाया गया, जहां लेडी डॉक्टर के ससुर ने अवैध संबंधों के संदेह को लेकर उनसे सवाल-जवाब किए। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उन पर हमला कर दिया गया।

पुलिस जांच में आरोप है कि इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों ने भी जेई की बेरहमी से पिटाई की और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें पास के नाले में फेंक दिया। आरोप यह भी है कि घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि घर में काम करने वाली महिला की जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। गंभीर रूप से घायल लाभ सिंह ने उपचार के दौरान एम्स बिलासपुर में दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103 (1) भी जोड़ दी।

एसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच को और मजबूत करने के लिए वीरवार को मंडी से आरएफएसएल टीम को कुल्लू बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जोड़ा जा रहा है।

Leave A Reply

Exit mobile version