नीरज दीक्षित। नगरोटा बगवां
नागरिक चिकित्सालय नगरोटा बगवां में 27 सितंबर स्पेशल (Special) हेल्थ (Health) कैंप (Camp) लगेगा। प्रदेशभर में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2025 तक चल रहे स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के तहत यह आयोजन किया जा रहा है। कैंप का उद्घाटन प्रातः 10:30 बजे पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष (Chairman) आरएस बाली करेंगे।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूबी भारद्वाज ने कहा कि इस कैंप का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित सेवाएं प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है। कैंप में स्त्री रोग, प्रसूति सेवाएं, पोषण परामर्श, किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरुकता, निःशुल्क जांचें एवं औषधि वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
डॉ. भारद्वाज ने क्षेत्र की सभी महिलाओं एवं आमजन से आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर परिवार एवं समाज को भी सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
यह कैंप महिलाओं के समग्र विकास एवं स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है। आयोजकों ने क्षेत्र की सभी पंचायतों, महिला मंडलों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों से भी सहयोग की अपील की है।