देहरा पुलिस (Police) ने रिश्तेदारी का फायदा उठाकर करीब अढ़ाई करोड़ रुपये की संपत्ति (Property) हड़पने के मामले का खुलासा कर सात आरोपी गिरफ्तार (Arrest) किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 90 लाख रुपये नकद, 1 किलो 324 ग्राम सोना (Gold) एवं अन्य आभूषण, 801 अमेरिकी डॉलर, पासपोर्ट और जमीन (Land) से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 29 जून, 2026 को रक्कड़ थाना क्षेत्र के निवासी अविनाश पुत्र देशराज ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके रिश्तेदारों ने बेईमानी की नीयत से करीब 4 से 4.5 किलोग्राम सोना-चांदी एवं हीरे के आभूषण, नकदी, पासपोर्ट और जमीन के दस्तावेज सहित लगभग 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़प ली है।
शिकायत पर पुलिस थाना रक्कड़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जिला देहरा द्वारा एसडीपीओ ज्वालामुखी राम प्रसाद जसवाल की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, हीरे के आभूषण, विदेशी मुद्रा और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो अन्य आरोपी अग्रिम जमानत पर हैं और उन्हें भी जांच में शामिल किया जा रहा है। मामले में शेष नकदी, आभूषणों की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

