धर्मशाला। कांगड़ा जिले के थाना बैजनाथ के तहत एक नाबालिगा से दुष्कर्म (Rape) और धमकी देने का केस (Case) दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला जालंधर से दर्ज जीरो एफआईआर (FIR) के आधार पर यहां स्थानांतरित किया गया है।

फिलहाल आरोपी गिरफ्तार (Arrest) नहीं हुआ है। उसकी धरपक्कड़ के लिए पुलिस टीम जुट गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 17 साल की पीड़िता मूल रूप से जिला कांगड़ा की रहने वाली है। वर्तमान में जालंधर के पीजी में रहकर एक संस्थान में एयर होस्टेस का प्रशिक्षण ले रही है। उसने आरोप लगाया है कि अप्रैल, 2026 के दौरान उसके दूर के रिश्तेदार बैजनाथ निवासी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी ने घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

इसके अतिरिक्त गत शुक्रवार को आरोपी उसके जालंधर स्थित पीजी के बाहर आया और फोन पर दोबारा धमकी देते हुए उसके साथ फिर से दुष्कर्म करने, उसे प्रताड़ित करने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 और 1098 पर कॉल कर मदद मांगी।

थाना बैजनाथ पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा चार के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने कहा है कि आरोपी के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

Leave A Reply

Exit mobile version