धर्मशाला। ज्वालाजी और चिंतपूर्णी के लिए प्रथम दर्शन बस सेवा शनिवार को शुरू हुई। इसे प्रबंध निदेशक एचआरटीसी रोहन चंद ठाकुर ने धर्मशाला बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन ऊना और कांगडा की सहायता से प्रथम दर्शन बस सेवा एयर कंडीशन धर्मशाला से शुरू हुई है। इसका रूट धर्मशाला-चिंतपूर्णी-ज्वालाजी-धर्मशाला है। डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल भी इस मौके पर विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस बस में पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर सीट मिलेगी। इसका प्रति यात्री किराया 400 रुपये होगा। मां चिंतपूर्णी और ज्वालाजी के दर्शन करने वाले श्रद्धालु ऑनलाइन व काउंटर दोनों तरीकों से बुंकिग करवा सकते हैं। यह बस धर्मशाला से सुबह 8 बजे चलेगी। यह 10ः30 बजे चिंतपूर्णी पहुचेंगी। 2 घंटे मंदिर में दर्शन के लिए रुकेगी। चिंतपूर्णी से दोपहर 12ः30 बजे चलेगी व 2 बजे ज्वालाजी पहुंचेगी। बस ज्वालाजी में भी दर्शन के लिए 2 घंटे रुकेगी।
4 बजे ज्वालाजी से धर्मशाला के लिए चलेगी। बस शाम साढ़े 5 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। इससे पूर्व मंडलीय प्रबंधक पंकज चढ्ढा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। चढ्ढा ने कहा कि श्रद्धालु सीट बुंकिग को लेकर निगम के 94180-00534 व 01892-224903 दूरभाष नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन एचआरटीसी की वेबसाइट पर भी बुंकिग की जा सकती है।