धर्मशाला। मुख्यमंत्री (CM) सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के ₹70 लाख से पुनर्विकसित फव्वारा चौक और पुराने एचआरटीसी (HRTC) कार्यशाला परिसर में ₹11.90 करोड़ से बने दो मंजिला ई-बस चार्जिंग डिपो एवं अनुरक्षण केंद्र (Center) का उद्घाटन किया।

उन्होंने धर्मशाला में सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन नए इंट्रा-सिटी ई-बस मार्गों को भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फव्वारा चौक के पुनर्विकास का उद्देश्य कोतवाली बाजार में यातायात को सुचारू बनाना, क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखना और इसे एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है।

परियोजना के तहत सड़क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध करवाने के लिए फव्वारे और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का पुनर्स्थापन किया गया है। रामलीला मंच और फव्वारा क्षेत्र को एकीकृत सार्वजनिक प्लाजा के रूप में विकसित कर भूमि के बेहतर उपयोग और यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित किया गया है।

उन्होंने कहा कि नव विकसित फव्वारा चौक में पारंपरिक स्थानीय शैली की भिक्ति चित्रकारी, वैरिएबल मैसेजिंग सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा तथा आकर्षक केंद्रीय फव्वारा स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे के विकास की यह परियोजना राज्य सरकार के विकास केंद्रित दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करती है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

ई-बस चार्जिंग डिपो एवं अनुरक्षण केंद्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा स्वच्छ, विश्वसनीय एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार की चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह नई सुविधा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन एवं अनुरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाएगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, सांसद अनुराग शर्मा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, धर्मशाला नगर निगम के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बस में यात्रा भी की। इलेक्ट्रिक बसों को नवनिर्मित वर्कशॉप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वह वर्कशॉप से सर्किट हाउस धर्मशाला तक इलेक्ट्रिक बस में ही आए।

Leave A Reply

Exit mobile version