कांगड़ा। जिले के रैहन के पास देहरी खड्ड में रविवार सुबह एक ग्रेनेड (Grenade) मिला। यह एचई-36 मॉडल का था। इसकी पिन लगी हुई थी। इससे बड़े हादसे की आशंका थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्थानीय युवक ने खड्ड में संदिग्ध लोहे की वस्तु देखी। उसे शक हुआ कि यह कोई विस्फोटक हो सकता है। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
इसके बाद नूरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच के दौरान पाया कि लोहे की वस्तु वास्तव में एचई-36 ग्रेनेड था।पुलिस ने पूरे इलाके को आइसोलेट किया। इस बाद जिला प्रशासन से मदद मांगी गई। प्रशासन ने सेना के बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। सेना की टीम ने मौके पर पहुंच कर ग्रेनेड को निष्क्रिय किया।
इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। नूरपुर के एसपी अशोक रतन ने कहा कि पुलिस थाना रैहन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। ग्रेनेड यहां कैसे पहुंचा यह जांच का विषय है।