सब्जी मंडी जसूर में पिस्तौल (Pistol) के बल पर 19 साल के युवक (Youth) के अपहरण और बेरहमी से मारपीट करने का मामला (Case) सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पिस्तौल के बल पर युवक का अपहरण कर लिया और बाद में उसे बुरी तरह पीटा।
जानकारी के मुताबिक नजदीकी गांव ततवाली पंचायत थोड़ा निवासी लतीफ खान सब्जी बेचने के लिए जसूर मंडी गया था। उसके पिता कालू दीन चौहान ने बताया कि मंडी से ही कुछ लोगों ने हथियार के बल पर उसके बेटे को अगवा कर लिया।
आरोप है कि युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे एक आवास पर ले जाया गया, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई। परिजनों के मुताबिक मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने उसके सिर और भौंहों के बाल काट दिए।
वारदात में शामिल कुछ लोग इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनमें एक होमगार्ड कर्मचारी भी शामिल है। उन्होंने आरोपियों पर परिवार को धमकियां देने का भी आरोप लगाया है।

