हमीरपुर जिले के ढोह गांव से संबंध रखने वाले भारतीय वायुसेना (Airforce) के वरिष्ठ अधिकारी (एयर कमोडोर) भूपेंद्र कंवर पदोन्नत कर एयर (Air) वाइस मार्शल बनाए गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे प्रदेश और सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में खुशी का माहौल है। लोग इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बता रहे हैं।

एयर वाइस मार्शल भूपेंद्र सिंह कंवर सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा से एयर कमोडोर बनने वाले पहले अधिकारी रहे हैं। वह अब एयर वाइस मार्शल के पद तक पहुंचने वाले भी प्रथम अधिकारी बन गए हैं। उन्होंने 13 अप्रैल, 2026 को असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (पर्सनल एंड सिविलियन्स) का पदभार ग्रहण किया।

करीब 34 वर्षों की समर्पित और उत्कृष्ट सेवा के बाद उन्हें यह सम्मानजनक जिम्मेदारी मिली है। भूपेंद्र सिंह कंवर का जन्म हमीरपुर जिले के ढोह गांव में हुआ। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा कंजियांण और ऊना में प्राप्त की। वर्ष 1981 में उन्होंने सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा की चौथी बैच में प्रवेश लिया। इसके बाद वर्ष 1987 में 78वें कोर्स के तहत राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में दाखिला लिया और दिसंबर 1991 में भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग नेविगेशन शाखा में कमीशन प्राप्त किया।

अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। एचएस-748 एव्रो, एएन-32 और आईएल-76 जैसे विमानों पर उन्होंने 4000 से अधिक उड़ान घंटे पूरे किए हैं। शुरुआती वर्षों में ही उनकी प्रतिभा को पहचान मिली और उन्हें क्वालिफाइड नेविगेशन इंस्ट्रक्टर कोर्स के लिए चुना गया। बाद में एयरक्रू एग्जामिनिंग बोर्ड में देश के सबसे युवा परीक्षकों में शामिल होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ।

उन्होंने डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन में युवा निरीक्षक के रूप में कार्य किया और वायुसेना की परिचालन क्षमता के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वे चीफ नेविगेशन इंस्ट्रक्टर, नेविगेशन ट्रेनिंग स्कूल के कमांडिंग ऑफिसर तथा दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के एक ऑपरेशनल एयर डिफेंस बेस के प्रमुख भी रहे।
कर्नाटक और गोवा में उप महानिदेशक एनसीसी के रूप में उन्होंने करीब 95 हजार कैडेट्स के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी संभाली। एयर फोर्स रिकॉर्ड्स ऑफिस का नेतृत्व करते हुए उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने बीएससी, एमएससी, एमफिल, मास्टर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, लोक प्रशासन में एमफिल और सूचना प्रौद्योगिकी में डिप्लोमा जैसी उच्च डिग्रियां हासिल की हैं। उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एओसी-इन-सी प्रशंसा, चीफ ऑफ एयर स्टाफ प्रशंसा और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। भूपेंद्र सिंह कंवर की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि मेहनत, अनुशासन और देश सेवा के जज्बे से कोई भी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

Leave A Reply

Exit mobile version