सुजानपुर। भारतीय वायुसेना (Airforce) पहली बार हिमाचल में एयर शो (Airshow) करने जा रही है। यह सिविल एयर डिसप्ले सैनिक स्कूल (Army School) सुजानपुर टीहरा के मैदान में होगी। यहां 10 मार्च को होने वाले इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए रक्षा मंत्री ने अनुमति दे दी है।
सुजानपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। आम तौर पर वायुसेना के इस तरह के सिविल एयर डिसप्ले कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही किए जाते हैं। सिविल एयर डिसप्ले के लिए वायुसेना और सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के अलावा प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से किए जाने वाले जरूरी इंतजामों के संदर्भ में डीसी हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को मिनी सचिवालय में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। विधायक ने इस आयोजन के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।
डीसी ने कहा कि वायुसेना के अधिकारियों ने सुजानपुर के चौगान और इसके आस-पास के क्षेत्रों का प्रारंभिक मुआयना कर लिया है। इस पूरे क्षेत्र को सिविल एयर डिसप्ले के लिए काफी उपयुक्त बताया है। यह शो होली के कुछ दिनों बाद ही 10 मार्च को करवाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग वायुसेना के जांबाजों के करतबों का रोमांच देख सकें।
गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि इसका उद्देश्य आम लोगों को भारतीय वायुसेना की उपलब्धियों से अवगत करवाना और बच्चों को वायुसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है। ऐसे में इस शो में स्कूली बच्चों की अधिक से अधिक मौजूदगी होनी चाहिए। शो के सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन की ओर से सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य से इन सभी प्रबंधों का विवरण जिला प्रशासन को प्रेषित करने की अपील की।
इस दौरान सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने कहा कि सिविल एयर डिसप्ले में वायुसेना के 11 लड़ाकू विमान भाग लेंगे। यह एक बहुत ही अद्भुत शो होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस शो के लिए सुजानपुर के साथ लगते हमीरपुर, जिला कांगड़ा और मंडी के क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बच्चों को भी आमंत्रित करने का आग्रह किया।
