ऊना। जिले में सड़क (Road) धंसने से जीप (Jeep) खाई में गिर गई है। इस दुःखद (Sad) हादसे (Accident) में चालक (Driver) की मौत (Death) हो गई है। हादसा ऊना के बंगाणा उपमंडल में पेश आया है। इसमें 42 साल के व्यक्ति की जान चली गई है। चौकीमन्यार-कैंट मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से लकड़ियों से लदी जीप गहरी खाई में जा गिरी।
मृतक की शिनाख्त अजय कुमार निवासी टकारला गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अजय कुमार जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रहा था। इस दौरान चौकीमन्यार-कैंट सड़क मार्ग पर अचानक सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढलान में पलट गई।
अजय कुमार जीप के नीचे दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने इस संदर्भ केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।

