नाहन। स्कॉर्पियो की टक्कर से 7 साल के बच्चे (Child) की मौत (Death) हो गई है। यह दर्दनाक सड़क हादसा नाहन शहर में हुआ है। इससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नाहन पुलिस (Police) ने अज्ञात वाहन चालक (Driver) के खिलाफ केस (Case) दर्ज कर लिया है।
वीरवार रात पुलिस चौकी गुन्नुघाट नाहन को सूचना मिली कि लखदाता पीर मंदिर के पास सड़क हादसे में घायल एक बच्चे को इलाज हेतु अस्पताल लाया गया है। सूचना पर एएसआई अस्पताल नाहन पहुंचे, जहां अयान सूर्या पुत्र राकेश सूर्या निवासी गांव चुनवी डाकघर चाढ़ना तहसील नौहराधार जिला सिरमौर उपचाराधीन मिला। उसके पास उसकी माता नीरज मौजूद थी।
अयान बयान देने की स्थिति में नहीं था। उसकी माता ने बताया कि लखदाता पीर मंदिर के पास उनके बेटे को एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने टक्कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा अज्ञात स्कॉर्पियो चालक द्वारा तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण होना प्रतीत हुआ है। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
इस संबंध में थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता व मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायल बच्चे को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां से सूचना प्राप्त हुई है कि शुक्रवार को उसकी मौत हो गई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

