शिमला। प्रदेश कैबिनेट की बैठक आज सचिवालय में होगी। इसमें स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट भर्ती पर हो सकता है। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे।
19 दिसंबर से धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा भवन में शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र से पहले हो रही वाली यह बैठक अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग का कुछ और एजेंडा भी इस बैठक में रखेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सुखाश्रय योजना के लिए जिला स्तरीय कमेटी पर फैसला करवाने का एजेंडा रख सकता है। शिक्षा विभाग से भी संबंधित कुछ मामले कैबिनेट में रखे जा रहे हैं। ग्रांट वाले प्राइवेट कॉलेज में सेवानृवित्ति की आयु सरकारी कॉलेज के समान करने का मसला लंबित है। इन कॉलेज में 60 साल के बाद रिक्वायरमेंट है। वहीं सरकारी में 58 साल के बाद रिटायरमेंट हो जाती है। यह मसला कैबिनेट में रखा जा सकता है।
पीटीए शिक्षकों और जयराम सरकार के समय आईटी और शास्त्री को दिए गए टीजीटी पदनाम का केस व पुलिस भर्ती में महिला आरक्षण कोटा बढ़ाने का मामला भी चर्चा में आ सकता है। इस समय पुलिस भर्ती नियमों में महिलाओं के लिए 25 फीसदी का आरक्षण है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसे 30 फीसदी करने की घोषणा कर चुके हैं।