शिमला। जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र के तहत पड़ते बसंतपुर में हत्या (Murder) का मामला (Case) सामने आया है। यहां तीन मजदूरों ने अपना साथी मार कर जमीन में गाड़ दिया है। मृतक के पिता (Father) की शिकायत पर इनका भंडा फूटा।

पुलिस (Police) ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त 25 साल के प्रवासी मजदूर राम प्रवेश (उर्फ कुटुम्ब) के रूप में हुई है। वह बिहार के मोतिहारी जिले का रहने वाला था और पिछले कुछ दिन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था।

पुलिस को रविवार को उसका शव सड़क से करीब 20 मीटर नीचे एक खेत के कोने में गड्ढे से मिला। प्रारंभिक जांच के अनुसार इस वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के साथ रहने वाले उसके तीन साथियों ने ही अंजाम दिया है।

उन्होंने सबूत मिटाने के लिए शव को जमीन में गाड़ दिया। राम प्रवेश बसंतपुर में अपने तीन साथियों अरुण, विकेश और महेश के साथ किराए के कमरे में रहता था। 15 मार्च को जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसके पिता चतुरी राम ने सुन्नी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस जब जांच के लिए उनके कमरे पर पहुंची तो वहां सन्नाटा था और तीनों संदिग्ध साथी गायब थे।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कमरे को सील किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। जांच के दौरान जंगल की झाड़ियों में एक बोरा और कंबल मिला। इससे पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने पास के खेत में ताजा खुदाई के निशान देखे तो वहां खुदाई करने पर राम प्रवेश का शव मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी भेज दिया। पुलिस का मानना है कि आपसी रंजिश या किसी अन्य विवाद के चलते साथियों ने वारदात को अंजाम दिया है।

तीनों आरोपी अरुण, विकेश और महेश फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनको पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।

Leave A Reply

Exit mobile version