शिमला। 509 ग्राम चरस बरामदी मामले (Case) में मुख्य सप्लायर गिरफ्तार (Arrest) कर लिया गया है। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में रोहड़ू पुलिस (Police) को सफलता मिली है। 18 मई, 2026 को माखीनाला क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन की तलाशी ली गई। इसमें डिक्की में छिपाकर रखे गए बैग से 509 ग्राम चरस बरामद हुई थी।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों 27 साल के जितेंद्र ठाकुर और 25 के राजन ठाकुर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की कड़ियों को खंगाला।
जांच में जुटी डिटेक्शन सेल ने साक्ष्यों के आधार पर चरस की इस खेप के मुख्य सप्लायर की पहचान 54 साल के महेंद्र सिंह निवासी चिड़गांव जिला शिमला के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की तस्करी के स्रोतों की जांच में जुट गई है।

