मंडी। एलएनटी (LNT) मशीन लेकर जा रहे ट्रक के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से ट्रक चालक (Driver) की मौत (Death) हो गई। हादसा (Accident) मंडी जिले के सराज क्षेत्र में बगस्याड़-शिकावरी मार्ग पर सामने आया है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे कांढी गांव से लगभग 200 मीटर आगे हुआ है। ट्रक पर भारी एलएनटी मशीन लदी हुई थी और सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण ट्रक में सवार दूसरा व्यक्ति नीचे उतरकर चालक को रास्ता दिखा रहा था। इसी दौरान ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और गहरी खाई में पलट गया।
हादसे के समय ट्रक के पीछे एक कार चल रही थी, जिसमें स्थानीय निवासी तारा चंद सवार थे। उन्होंने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए बगस्याड़ अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त संतोष कुमार (38) पुत्र हेम सिंह निवासी गांव गैहरा सरकाघाट (मंडी) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

