शिमला। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने सीबीएसई (CBSE) से संबद्ध सीनियर सेकेंडरी स्कूलों (Schools) में 305 अंग्रेजी (English) शिक्षकों (Teachers) की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की सिफारिश पर चयनित अभ्यर्थियों को स्कीम फॉर स्कूल्स ऑफ एक्सीलेंस इन हिमाचल प्रदेश के तहत उप योजना के अंतर्गत नियुक्त किया गया है।

जारी आदेशों के मुताबिक चयनित शिक्षकों को प्रदेश के विभिन्न सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में पांच साल की निश्चित अवधि के लिए तैनात किया जाएगा। इन शिक्षकों को हर महीने ₹ 30 हजार का समेकित मानदेय दिया जाएगा। हालांकि यह मानदेय एक शैक्षणिक सत्र में केवल 10 माह के लिए देय होगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां नियमित पदों के विरुद्ध नहीं हैं और न ही इससे भविष्य में नियमित सरकारी नौकरी का कोई अधिकार प्राप्त होगा। नियुक्त शिक्षकों को ज्वाइनिंग के समय विभाग के साथ एग्रीमेंट, बॉन्ड और स्व घोषणा पत्र भरना होगा।

आदेशों में यह भी कहा गया है कि जरूत पड़ने पर इन शिक्षकों की सेवाएं प्रदेश के अन्य सरकारी स्कूलों में भी ली जा सकेंगी। उन्हें प्राथमिक स्तर से लेकर वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक अंग्रेजी भाषा, लेखन एवं बोल-चाल कौशल का प्रशिक्षण देना होगा और संस्थान प्रमुख के निर्देशानुसार अतिरिक्त रिमेडियल कक्षाएं भी संचालित करनी होंगी।
नियुक्त शिक्षकों को हिमकेयर और आयुष्मान भारत जैसी चिकित्सा योजनाओं का लाभ मिलेगा।

वहीं सीसीएस, अवकाश नियम और पेंशन नियम जैसी नियमित सरकारी सेवा सुविधाएं इन पर लागू नहीं होंगी। इसके अलावा उन्हें साल में 10 आकस्मिक अवकाश (कैजुअल लीव) और मातृत्व लाभ अधिनियम के तहत निर्धारित अवकाश की सुविधा दी जाएगी।

विभाग ने चेताया है कि सेवा के दौरान अनुशासनहीनता, कदाचार, आपराधिक गतिविधियों या पात्रता संबंधी किसी भी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित शिक्षक की नियुक्ति समाप्त की जा सकती है। शिक्षा विभाग ने नियुक्त किए गए शिक्षकों को 5 दिन में ज्वाइनिंग के लिए कहा है।

Leave A Reply

Exit mobile version