मंडी। जिले में मोबाइल फोन (Phone) चलाने से रोकने पर पत्नी ने पति (Husband) पर उबलता दूध (Milk) फेंक दिया है। वारदात सरकाघाट के जमनौण गांव में हुई है। जमनौण गांव में मोबाइल फोन चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है।
इस दौरन गुस्से में आकर महिला (Woman) ने पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया। इससे पति लगभग 15 फीसदी झुलस गया। घायल को नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। मिरलजानकारी के मुताबिक पत्नी (Wife) काफी देर से मोबाइल फोन चला रही थी, जिसे पति ने रोक किया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में उबलता हुआ दूध पति के ऊपर फेंक दिया। गर्म दूध पड़ने से पति के चेहरे का कुछ हिस्सा, छाती और पेट झुलस गया।
पति के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को स्थिर बताया और घर भेज दिया। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
घायल धर्मपाल (32) पुत्र स्वर्गीय रतन चंद की शिकायत के आधार पर हटली थाना में पत्नी नीना कुमारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

