चंबा की बेटी ईशा साउथ की फिल्म (Film) में डेब्यू करेंगी। अभिनेत्री और मॉडल ईशा शर्मा ने पंजाबी म्यूजिक वीडियो, टेलीविजन और पंजाबी सिनेमा में पहचान बनाने के बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री रुख किया है।
यह नई शुरुआत उन्हें बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचा सकती है। ईशा चंबा जिला के सिहुंता की स्थाई निवासी है। उसने GAV स्कूल कांगड़ा में 6वीं से 10वीं तक पढ़ाई की है। उसके बाद नर्सिंग की पढ़ाई की। साल 2016 में मिस हिमाचल प्रतियोगिता में टॉप 7 में रहकर बेहतर प्रदर्शन किया। वर्ष 2017 में नेशनल लेवल विंटर कार्निवल मनाली में रनरअप रही। ईशा अपने विनम्र और डाउन टू अर्थ स्वभाव के लिए भी जानी जाती है। पहाड़ों से निकलकर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री तक का उनका सफर मेहनत, लगन और समर्पण की मिसाल है।
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में ईशा शर्मा को प्रसिद्ध गायकों के साथ म्यूजिक वीडियो में काम करने से पहचान मिली। वह लखविंदर वडाली, सिद्धू मूसेवाला, कुलविंदर बिल्ला, गुरनाम भुल्लर, अखिल और शिवजोत धांधीवाल जैसे मशहूर पंजाबी सिंगर्स के गानों में नजर आ चुकी हैं।
इसके बाद ईशा ने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और सोनी सब के रोमांटिक ड्रामा पश्मिन्ना-धागे मोहब्बत के में मुख्य भूमिका निभाई। इसमें उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
ईशा ने पंजाबी फिल्म परिंदा पार गया के साथ सिनेमा की दुनिया में भी कदम रखा। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में उनके डेब्यू को लेकर उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं एवं आने वाले समय में उनसे और बेहतरीन काम की उम्मीद कर रहे हैं।

