मंडी। जिले में आई प्राकृतिक के दौरान एक पालतू कुत्ता (Pet dog) 67 लोगों के लिए देवदूत साबित हुआ। उसके कारण उनकी जान बच गई। मंडी के जानस्याठी गांव में एक पालतू कुत्ते रॉकी की समय रहते दी गई चेतावनी से 67 लोगों की जान बच गई है।
30 जून की काली रात को करीब 12:30 बजे जब मूसलाधार बारिश के बीच भू-स्खलन शुरू हुआ। इस दौरान रॉकी रात को जोर-जोर से भौंकने लगा, तभी उसके मालिक नरेंद्र ने नीचे आकर देखा तो घर के साथ ही बड़ी दरार पड़ चुकी थी और पानी घर में घुस रहा था।
उन्होंने तुरंत परिवार को जगाया और आसपास के 22 घरों में जाकर लोगों को सतर्क किया। सभी लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। इस बेजुबान रॉकी की सतर्कता और नरेंद्र की तत्परता ने पूरे गांव को बड़ी त्रासदी से बचा लिया।