मंडी। जिले के कोटली उपमंडल में दर्दनाक सड़क हादसा (Accident) पेश आया है। इसमें दो व्यक्तियों की मौत (Death) और एक महिला (Woman) गंभीर रूप से घायल (Injured) हो गई। हादसा कोटली-कून सड़क पर द्रुबल पंचायत के अलग गांव के पास हुआ है। यहां एक वाहन (टाटा सूमो) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 फुट नीचे खाई में गिर गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक वाहन कोटली से कून गांव की ओर जा रहा था। इसमें चालक (Driver) समेत तीन लोग सवार थे। द्रुबल पंचायत के अलग गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक घर के पास बने शौचालय के पास जा गिरा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और द्रुबल पंचायत की प्रधान रेखा ठाकुर ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से कोटली अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गाड़ी के चालक पवन कुमार (48) पुत्र सुधामा राम निवासी कून को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चालक की पत्नी रमा देवी और अच्छर सिंह निवासी गांव बड़ू को गंभीर हालत में मंडी के जोनल अस्पताल रेफर किया गया। वहां में उपचार के दौरान अच्छर सिंह की भी मौत हो गई। घायल महिला रमा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर भेजा गया है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
द्रुबल पंचायत की प्रधान रेखा ठाकुर ने कहा कि यह हादसा बेहद दु:खद है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें हादसे की सूचना मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। उन्होंने कहा कि ये लोग अपने घर की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।