कुल्लू। जिला पुलिस ने 4.96 ग्राम चिट्टा के साथ चार युवक (Youth) गिरफ्तार (Arrest) किए हैं। आरोपियों से ₹4 हजार नकद (Cash) भी किए बरामद किए हैं। कुल्लू पुलिस (Police) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लंकाबेकर क्षेत्र से चार युवकों को नशे की खेप और नकदी सहित पकड़ा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए लंकाबेकर स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में मौजूद चार युवकों के कब्जे से 4.96 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और ₹4,000 की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप (38) निवासी वार्ड नंबर-9, लंकाबेकर, यशवंत सिंह (35) निवासी ग्रामंग डाकघर शालंग, सुरेश कुमार (25) निवासी बलौण तहसील बंजार और गौरव (23) निवासी शास्त्रीनगर ढालपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना कुल्लू में मामला (Case) दर्ज किया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जिला पुलिस कुल्लू ने आमजन से अपील की है कि नशे के विरुद्ध इस मुहिम में सहयोग करें और मादक पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

