रिकांगपिओ। अचानक मौसम खराब होने से किन्नर कैलाश यात्रा के दौरान 16 श्रद्धालु और 10 गाइड (Guide) बर्फबारी (Snowfall) में फंस गए। गणेश पार्क के पास ऊंचाई वाले क्षेत्र में भारी बर्फबारी शुरू होने और तेज बर्फीली हवाएं चलने से 26 लोग फंस गए।
मौसम इतना खराब हो गया कि दल के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया। इसके बाद जिला प्रशासन से मदद मांगी गई। सूचना मिलते ही पुलिस (Police) और होमगार्ड (Home Guard) की क्विक रिस्पांस टीम (Team) ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी 26 लोगों को सुरक्षित नीचे पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए 16 श्रद्धालु राजस्थान और गुजरात से आए थे। वे स्थानीय गाइड और पोर्टरों की मदद से यात्रा कर रहे थे। इस घटना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि जिला प्रशासन किन्नौर कैलाश यात्रा को 23 अगस्त को आधिकारिक रूप से बंद कर चुका है।
इसके बावजूद कुछ स्थानीय गाइडों श्रद्धालुओं को चोरी-छिपे यात्रा करवा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों को ऐसी यात्राओं से बचने की सलाह दी है। आधिकारिक रूप से यात्रा बंद होने के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलता है। धूप के बीच अचानक बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

