शाहपुर। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की परगोड़ पंचायत का बेटा विजय कुमार बुधवार को शहीद हो गया है। मेघालय में ड्यूटी के दौरान बुधवार को हाथियों के झुंड ने बीएसएफ के जवान पर हमला कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई। विजय की मौत की सूचना मिलते ही परिवार व पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर में शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा हुआ है।
विजय कुमार 20 दिन पहले छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर गए थे। उनके पिता सूबेदार सागर सिंह बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं। वहीं माता स्वर्णा देवी गृहिणी हैं। विजय कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी सुलक्षणा (37), तीन लड़कियां कुमकुम (15), शगुन (12) व सहज (4) को छोड़ गए हैं।
विजय कुमार की पार्थिव देह मेघालय से हवाई जहाज से दिल्ली पहुंचाई गई है और शुक्रवार को घर पहुंचेगी। शहीद विजय कुमार (41) वर्ष 2002 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। विजय कुमार मौजूदा समय में मेघालय में बतौर हबलदार सेवारत थे।