धर्मशाला। नरवाणा में सोमवार को पैराग्लाइडिंग एक्यरेसी प्री-वर्ल्ड कप शुरू हुआ। इसका शुभारंभ विधायक सुधीर शर्मा ने करवाया। यह पांच दिन तक चलेगा। विधायक ने नरवाणा में पैराग्लाइडिंग की टेक ऑफ साइट में हवन यज्ञ में भाग लिया। इसके बाद प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर टेक ऑफ करवाया।
यह पहली बार है कि पैराग्लाइडिंग की अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता नरवाणा में करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में करीब 90 प्रतिभागियों ने अब तक पंजीकरण करवाया है। इनमें भारतीय सेना के जवान भी शामिल हैं। पहले दिन केवल ट्रायल उड़ाने हुईं। प्रतिभागियों की अंतिम सूची मंगलवार सुबह जारी होगी। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में ऐसा आयोजन होने से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यही नहीं, कई स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह साइट सुरक्षा की दृष्टि से काफी अच्छी है। यहां उड़ान की कंडीशन और लैंडिंग करने की अच्छी सुविधा मौजूद है। सुधीर शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से लगातार आगे बढ़ा रही है। इस दिशा में यह भी एक कदम है।
सुधीर शर्मा ने भी भरी उड़ान
सुधीर शर्मा ने पैराग्लाइडिंग की उड़ान भी भरी। उन्होंने पायलट अरविंद पाल के साथ टेंडंम फ्लाइंग का लुत्फ लिया। उन्होंने कहा कि यहां पर सोलो और टेंडंम फ्लाइंग से धर्मशाला आने वाले पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग करने का मौका मिलेगा।