शाहपुर। नेरटी की विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस केस में थाना शाहपुर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में शनिवार को उसका पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के नेरटी गांव में एक महिला ने शुक्रवार रात को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का पता चलने पर महिला के मायके पक्ष वहां पहुंच गए। उनका आरोप है कि महिला के पति और उसकी सास उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते उसने आत्महत्या की है। पुलिस थाना शाहपुर ने केस दर्ज कर पति रॉकी कुमार और सास उमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका अनुवाला का मायका ज्वाली में है।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस थाना शाहपुर के एसएचओ कुलदीप सिंह ने कहा कि इस मामले में सास और पति को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया है। शनिवार शाम को मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।