शाहपुर के लाल अन्जेश ने आयरनमैन (Ironman) 70.3 स्पर्धा सफलतापूर्वक पूरी कर अंतरराष्ट्रीय (International) मंच पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठार गांव के युवा मरीन इंजीनियर अन्जेश जोशी ने फिलीपींस के सुबिक बे में आयोजित विश्व प्रसिद्ध एंड्योरेंस प्रतियोगिता Ironman 70.3 को सफलतापूर्वक पूरा किया है। रैत पहुंचने पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने स्थानीय जनता के साथ अन्जेश जोशी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक ने उन्हें शाल एवं हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया और उनकी इस उपलब्धि को लेकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अन्जेश ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। अन्जेश जोशी ने यह कठिन प्रतियोगिता 6 घंटे 13 मिनट 53 सेकंड में पूरी की। उन्होंने 30-34 वर्ष आयु वर्ग में 52 प्रतिभागियों के बीच 22वां स्थान प्राप्त किया, जबकि कुल 470 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों में 142वीं रैंक हासिल की।

गौरतलब है कि Ironman 70.3 दुनिया की सबसे कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिताओं में शामिल है। इसमें प्रतिभागियों को लगातार 1.9 किलोमीटर तैराकी, 90 किलोमीटर साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन दौड़ पूरी करनी होती है। पेशे से मरीन इंजीनियर अन्जेश ने समुद्र में नौकरी के दौरान जहाज पर उपलब्ध सीमित संसाधनों के बीच ट्रेडमिल और स्टेशनरी बाइक के सहारे महीनों तक कठिन अभ्यास किया। फिलीपींस की भीषण गर्मी, उमस और तेज हवाओं जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए उन्होंने अपनी शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का शानदार परिचय दिया।

अन्जेश के पिता संजय जोशी सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर हैं। वहीं माता अंजना जोशी वर्तमान में झरेड़ पंचायत की प्रधान हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केवी जम्मू एवं भनाला से प्राप्त करने के बाद पुणे के प्रतिष्ठित तुलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट से बीटेक (मरीन इंजीनियरिंग) की शिक्षा ग्रहण की। अन्जेश की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Leave A Reply

Exit mobile version