कांगड़ा। जिले में जल शक्ति विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को 428 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार (Arrest) किया है। प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। आरोपी मोटरसाइकिल (Bike) पर नशे की खेप ले जा रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मंड घंडरां क्षेत्र में एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी की की गतिविधियों में संलिप्त है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस (Police) टीम (Team) ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मंड घंडरां स्थित जल शक्ति विभाग के नलकूप (ट्यूबवेल) के पास आरोपी को दबोच लिया। जब उसकी मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई तो उसमें से 428 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुमित ठाकुर (31) के रूप में हुई है। वह गांव मलकाना डाकघर पराल व तहसील इंदौरा का रहने वाला है। आरोपी जल शक्ति विभाग में ही बतौर मल्टी टास्क वर्कर कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

