कांगड़ा। मटौर कॉलेज (College) के नए भवन का सीएम (CM) सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द उद्घाटन करेंगे। यह बात एपीएमसी (APMC) कांगड़ा के चेयरमैन निशु मोंगरा ने कही। उन्होंने मंगलवार को कॉलेज में ट्रांसफार्मर का काम शुरू करवाया। इस पर 24 लाख रुपये खर्च होंगे।
निशु मोंगरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर उन्होंने यह राशि मंजूर करवाई है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के लिए अलग से लिंक रोड निकाला जाएगा। इसके लिए उन्होंने 9 लाख 62 हजार रुपये उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सौंपे हैं। मोंगरा ने कहा कि कॉलेज में हैंडपंप लगाने के लिए उन्होंने जलशक्ति विभाग को 2 लाख रुपये का बजट मुहैया करवाया है। उन्होंने इन तीनों कामों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से इसका उद्घाटन करवाया जाएगा। सीएम ने कांगड़ा दौरे के लिए हरी झंडी भी दे दी है। एक माह के भीतर ये तमाम काम पूरे किए जाएंगे।
मटौर कॉलेज के पास स्कूल भी है। लंबे समय से कॉलेज की कक्षाएं यहां चल रही हैं। ऐसे में बच्चों को कॉलेज वाला माहौल नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि जल्द नए भवन में पूरी सहूलियत के साथ छात्रों को शिफ्ट किया जाए। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि कांगड़ा में विपक्षी पार्टी भाजपा का विधायक होने के कारण काम नहीं रुकने चाहिए। इसी कारण कांगड़ा हलके पर खास फोकस किया जा रहा है।
