ज्वाली। कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने ज्वाली की कोटला, सोलधा, नियांगल, त्रिलोकपुर और भाली पंचायतों में भारी बारिश (Heavy rain) और भू-स्खलन (Landslide) से हुए नुक्सान जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन परिस्थिति में आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए जल्द मुआवजा राशि दी जाएगी।

चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश और भू-स्खलन से गौशालाओं, पक्के व कच्चे मकानों को लगभग एक करोड़ तेईस लाख रुपये से अधिक का नुक्सान हुआ है। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं और विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही है। उन्होंने कहा कि उपमंडल प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत व पुनर्बहाली के कामों में लगी हैं। सड़कों को खोलने, पेयजल और विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के प्रयास युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं।

भाली में फोरलेन निर्माण के कारण कई मकानों को नुक्सान पहुंचा है। कृषि मंत्री ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने प्रभावित परिवारों को बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदा राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उनके साथ एसडीएम नरेंद्र जरियाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोहर लाल शर्मा, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशाल पत्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचआई विकास सुरजेवाला, पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, पूर्व ओबीसी संगठन के उपाध्यक्ष अश्विनी चौधरी, नियांगल पंचायत के प्रधान चुन्नीलाल,उप प्रधान संदीप सिंह सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Exit mobile version