चंबा। शहर से सटी सरोल पंचायत के बन्नू फाट से दु:खद खबर (Sad news) सामने आई है। यहां भू-स्खलन की चपेट में आने से युवक (Youth) की मौत (Death) हो गई है।

मृतक की शिनाख्त विजय कुमार (35) पुत्र कमल कुमार निवासी गांव खल्ली डाकघर सरोल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजय कुमार डीजे का काम करता था।

वह मंगलवार को काम खत्म करने के बाद घर वापस लौट रहा था कि रात करीब 11 बजे जब बन्नू फाट के पास पहुंचा तो वहां भू-स्खलन होने से रास्ता चलने योग्य नहीं बचा था। इस दौरान उसने फोन पर परिजनों को इसकी सूचना भी दी। इसके बाद वह जब रास्ता पार करने लगा, तब अचानक भू-स्खलन हो गया। वह इसकी चपेट में आकर खाई में गिर गया।

वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने फिर उसके नंबर पर कॉल की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। परिजनों को चिंता सताने लगी और वे उसे ढूंढने बन्नू फाट पहुंच गए। काफी देर तलाश के बाद परिजनों को गहरी खाई में मोबाइल की रोशनी दिखाई दी, लेकिन वहां पहुंचना काफी मुश्किल था। उन्होंने पुलिस व फायर ब्रिगेड को भी सूचित कर दिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान विजय कुमार को खाई में मृत अवस्था में पाया। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव निकाला। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।

सरोल पंचायत उपप्रधान धीरज नरयाल ने कहा है कि भू-स्खलन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। प्रशासन की तरफ से हरिपुर के पटवारी ने 25000 रुपये की फौरी राहत राशि मृतक के परिजनों को दी है। एसपी अभिषेक यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Leave A Reply

Exit mobile version