देहरा। मुख्यमंत्री (CM) सुक्खू झूठ की गारंटी देने में माहिर हैं। यह आरोप देहरा से भाजपा (BJP) प्रत्याशी होशियार सिंह ने लगाया है। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस (Congress) की सरकार बनी हैं, तब से मुख्यमंत्री सुक्खू झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को इस बात का ज्ञान होना चाहिए कि अब वे किसी पार्टी के मुखिया नहीं, बल्कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे है। जहां तक हमें लगता है कि शायद उनको अपने पद की अहमियत की जानकारी है। वह सिर्फ अपनी पत्नी को जिताने के लिए परिवार के मुखिया के रूप में काम कर रहे हैं, न कि प्रदेश के मुखिया की तरह, इसलिए उनको परामर्श देता हूं कि वह अपनी इन हरकतों से बाज आएं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश का माहौल खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ी

होशियार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश का माहौल खराब करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। मुख्यमंत्री प्रदेश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को खराब करने में लगे हैं। यह सरकार उप चुनावों को प्रभावित करने के लिए सारी हदें पार कर चुकी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू झूठ बोल कर जनता को भ्रमित करने का ही काम करते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान जब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को अपनी बेटी व पत्नी को चुनाव लडऩे के लिए कहा गया, परंतु हार के डर से दोनों ही पीछे हट गए और अब सत्ता का दुरुपयोग करके पहले उपमुख्यमंत्री की बेटी और अब पत्नी को स्थापित करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त कर रहे हैं और उनके हकों को छीन रहे हैं। आज देहरा की जनता मुख्यमंत्री और प्रशासन की धमकियों की वजह से परेशान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी पत्नी को चुनाव जीताने के लिए राजधर्म भूल गए हैं और सत्ता का दुरुपयोग कर देहरा को सौगातों का लालच लेकर खरीदना चाहते हैं।

सीएम ने एक भी कार्य मेरे कहने से नहीं किया

मुख्यमंत्री सुक्खू देहरा की जनता को बताएं कि जब एक निर्दलीय विधायक के रूप में मैंने यही सुविधाएं मांगी थीं, तब सरकार ने इस बात पर विचार क्यों नहीं किया। एक भी कार्य मेरे कहने से नहीं किया, मजबूरन मुझे यह रास्ता इख्तियार करना पड़ा और अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

आज मुख्यमंत्री यह बताएं कि अगर आज जो घोषणा पर घोषणा की जा रही है, वैसा पहले किया होता तो आज प्रदेश में जो अस्थिरता पैदा हुई, वह कभी न होती और इतना खर्चा भी प्रदेश पर नहीं पड़ता।

मुख्यमंत्री को पहले क्यों नहीं आई देहरा की याद

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू कहते हैं कि देहरा में मेरा पुराना घर है, पर इस देहरा कि याद आज ही क्यों आ रही है, जब उनकी पत्नी यहां से चुनाव लड़ रही है। टिकट फाइनल होते ही कैबिनेट में पुलिस जिला बनाना, जबकि देहरा में अभी आदर्श आचार सहिंता चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नेतृत्व आज ऐसी पार्टी कर रही है, जिसका एकमात्र ध्येय अपने परिवार का विकास करना है, न कि जनता या कार्यकर्ता का विकास। केंद्र से नजर दौड़ाएं तो राहुल गांधी ने अपनी वायनाड की सीट बहन प्रियंका के लिए खाली की।

मंडी की पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने अपने बेटे के लिए मंडी की सीट छोड़ी। मुख्यमंत्री तो सबसे ही आगे निकल गए और आज अपनी पत्नी के लिए एक कार्यकर्ता से देहरा की सीट को छीन कर ले लिया। इससे यही प्रतीत होता है कि ये लोग मात्र अपने परिवार के लिए कार्य करते हैं।

जनता के सच्चे सेवक के रूप में एक बार फिर चुनाव जीतूंगा

होशियार सिंह ने दावा किया कि भाजपा कांग्रेस के धनबल से इन चुनावों को प्रभावित नहीं होने देगी। वहीं जनता के सच्चे सेवक के रूप में एक बार फिर चुनाव जीतूंगा।

Comments are closed.

Exit mobile version