नाहन। सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के सेना (Army) में तैनात बेटे (Son) की मौत (Death) हो गई है। भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) में सेवारत गिरिपार के वीर सपूत ग्रेनेडियर कपिल का सड़क दुर्घटना (Accident) में गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उपचार के दौरान उसका निधन हो गया।

उत्तराखंड स्थित आर्मी अस्पताल में बुधवार देर रात जवान ने अंतिम सांस ली। इस दु:खद समाचार से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गिरिपार और शिलाई क्षेत्र शोक में है। बताया जा रहा है कि कपिल पिछले 7 वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहा था।

वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर में 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अधीन तैनात था। अवकाश पर घर आए कपिल 8 जनवरी को सेलाकुई (उत्तराखंड) में एक बाइक दुर्घटना का शिकार हो गया था। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पहले उसे ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन बाद में हालत नाजुक होने पर आर्मी अस्पताल देहरादून रैफर किया गया।

वहां तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। कपिल के निधन की खबर मिलते ही उनकी सैन्य बटालियन सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पिता पंच राम और माता जयंती देवी गहरे सदमे में हैं। ग्राम पंचायत दिगुआ के प्रधान रण सिंह ने कहा है कि कपिल पटना गांव के निवासी था।

कपिल 18 सितंबर, 2018 को भर्ती हुआ था। परिवार उसके विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। वीर जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना डाकघर मिल्ला तहसील शिलाई में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई सहित अनेक सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave A Reply

Exit mobile version