मंडी। जिले की सुंदरनगर पुलिस (Police) ने 134 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार (Arrest) किए है। पुलिस ने फोरलेन स्थित अलसू चौक पर मुख्य आरक्षी हंस राज की अगुआई में नाका लगाया था। इस दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया।
इसकी तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 134 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ छींदु निवासी खुरहाल तहसील सुंदरनगर और रिंकू निवासी खुरहाल तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है।
कहा जा रहा है कि यह इस साल की स्थानीय पुलिस द्वारा पकड़ी गई सबसे बड़ी खेप है। आरोपियों की नशा तस्करी से जुड़ी पृष्ठभूमि है। सुरेंद्र कुमार उर्फ छींदु के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से 6 केस दर्ज हैं। वहीं रिंकू के खिलाफ एक मामला चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी सुंदरनगर और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई कर रहे थे। इनके आगे भी कुछ पैडलर जुड़े होने की आशंका है, जिन तक पुलिस जल्द पहुंच सकती है। दोनों आरोपी लंबे वक्त से पुलिस की रडार पर थे। एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा है कि आरोपियों से केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

