मंडी। 20 सितंबर तक मनाली तक नेशनल हाईवे (NH) की बहाली का लक्ष्य है। यह बात सराज दौरे के दौरान केंद्रीय परिवहन एवं सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कही। उन्होंने रविवार को हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के साथ मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
इस दौरान उनके साथ नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ रहे। उन्होंने कहा कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन 20 सितंबर तक मनाली तक बहाल किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों की शिकायतों और मांगों के अनुरूप कार्य करने का संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिया।
उन्होंने सराज के बालीचौकी का भी दौरा किया और यहां राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 की जगह-जगह खस्ताहालत को बारीकी से जांचा और तुरंत प्रभाव से राज्य लोक निर्माण विभाग को इसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने माणी गांव का भी दौरा किया और यहां मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड थाची को जल्द बहाल करने और यहां तुरंत वैली ब्रिज बनाने के निर्देश देकर प्राकलन भेजने को कहा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सभी जगह नुकसान को दिखाया और केंद्रीय राज्य मंत्री का यहां आने पर आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उनके इस दौरे से रेस्टोरेशन वर्क में तेजी आएगी।
यहां सड़कें बदहाल होने से सेब बागबानों और किसानों का कुल्लू, मनाली और मंडी में करोड़ों रुपये का नुक्सान हो रहा है। दौरे के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अजय टम्टा ने कहा कि हिमाचल में आई यह आपदा बहुत कष्टदायक है। बहुत सारे लोगों की जान गई है और हजारों करोड़ की संपत्ति का नुक्सान हुआ है। जयराम ठाकुर के साथ सिराज विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने सभी स्थानों पर हुए नुक्सान के बारे में मुझे ब्रीफ किया। कुदरत की तबाही से यहां हद से ज्यादा नुक्सान हुआ है। सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर हो, चाहे लोगों की निजी संपत्तियां हों, सभी को व्यापक पैमाने पर क्षति पहुंची है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करके गए हैं। लोगों को तत्काल प्रभावी राहत मिल सके, इसके लिए डेढ़ हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इसके साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ का 200 करोड़ रुपये से अधिक का एडवांस फंड भी हिमाचल को बीते कल ही अलग से दिया है। उन्होंने कहा कि आपदाग्रस्त प्रदेश के लिए सभी का भरपूर सहयोग मिला है। प्रधानमंत्री के निर्देश के अनुसार ही हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सात केंद्रीय मंत्री नुक्सान का जायजा भी ले रहे हैं और लोगों का दु:ख दर्द भी बांट रहे हैं। आपदा का निरीक्षण कर रहे सभी मंत्री आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
इस दौरान उनके साथ बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, करसोग के दीपराज, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, कुल्लू भाजपा नेता नरोत्तम ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष मंडी निहाल चंद शर्मा, कुल्लू के अमित सूद, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कीरतपुर से मनाली फोरलेन का गड़ामोडा से लेकर मनाली तक निरीक्षण किया, जिसमें पंडोह, दवाड़ा फ्लाईओवर, झलोगी टनल, थलौट, औट, नगवाई, भुंतर, कुल्लू, शिरड, बिंदुढांक औऱ मनाली तक जगह-जगह क्षतिग्रस्त फोरलेन का जायजा लिया और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए।