मंडी। मुंबई के पर्यटक (Tourist) दंपति को क्या पता था कि वे मनाली में क्रिसमस का जश्न मनाने के बाद सकुशल घर नहीं लौट पाएंगे। अभागा पति (Husband) इस बात से बिलकुल अनजान था कि जिस हमसफर के साथ खुशी-खुशी घर लौट रहा है, उसका साथ बीच सफर में छूट जाएगा। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी के चार मील के पास हुए दर्दनाक हादसे ने इस परिवार पर खूब कहर बरपाया है। यहां चलती टैक्सी पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से मुंबई से आई महिला पर्यटक की मौत (Death) हो गई। महिला पति के साथ क्रिसमस (Christmas) का जश्न मनाने के बाद मनाली से वापस मुंबई लौट रही थी।

हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके पति और टैक्सी चालक घायल हो गए। पुलिस ने हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया और महिला के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। महिला की शिनाख्त 30 साल की प्रिया यादव के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान 32 वर्षीय चंचल यादव और 27 साल के शिव सिंह के रूप में हुई है।

गौर हो कि प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते भू-स्खलन, हिम-स्खलन और फिसलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे रास्ते अधिक खतरनाक हो गए हैं। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version