कुल्लू। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर रांगड़ी के पास भारी बर्फबारी के चलते लगे जाम में फंसी एंबुलेंस (Ambulance) में मरीज की मौत (Death) हो गई है। मनाली के प्रीणी क्षेत्र में एक होटल में कार्यरत 50 साल के सुशील शर्मा निवासी ऊना को दिल का दौरा पड़ने के बाद समय पर उपचार नहीं मिल पाया और एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों और साथ मौजूद मित्रों के अनुसार सुशील शर्मा को दिल का दौरा पड़ने पर पहले मिशन अस्पताल मनाली ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मंडी स्थित हार्ट अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने स्पष्ट कहा था कि मरीज को अधिकतम तीन घंटे में उक्त अस्पताल पहुंचाना जरूरी है।
सुशील शर्मा को एंबुलेंस से मंडी ले जाया जा रहा था, लेकिन रांगड़ी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण लंबा जाम लग गया। एंबुलेंस करीब चार घंटे तक जाम में फंसी रही। इस दौरान मरीज की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः एंबुलेंस में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के मित्र तेजपाल ने कहा कि जाम में फंसने के दौरान उन्होंने 112 हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी मदद की गुहार लगाई गई। आश्वासन दिया गया कि पुलिस जवान मौके पर पहुंचेंगे। पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन जाम खुलवाने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई। इसके चलते मरीज को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। नतीजतन उनकी जान चली गई।
