कुल्लू। यहां से नशा तस्करी का काला कारोबार चला रही महिला (Woman) गिरफ्तार (Arrest) किया गया है। यह गिरफ्तारी सोनीपत (हरियाणा) पुलिस की क्राइम ब्रांच ने की है। पुलिस ने कुल्लू निवासी राधा देवी को उसके साथी के साथ पकड़ा है। पुलिस ने दोनों कब्जे से करीब अढ़ाई किलो चरस पकड़ी की है। इसका दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹ 8 लाख है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी महिला राधा कुल्लू से अपना पूरा सिंडिकेट ऑपरेट कर रही थी। उसने हरियाणा और पंजाब के तस्करों के साथ मिलकर एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया था। मोटी कमाई के चक्कर में उसने सप्लाई चेन की कमान अपने हाथों में ले रखी थी।
उसका पूरा परिवार नशे के काले कारोबार में संलिप्त है। उसके पिता की मौत हो चुकी है। वह पहले हरियाणा के युवाओं को नशा सप्लाई करने का काम करता था। महिला का पति इस समय में पंजाब की एक जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा काट रहा है। पारिवारिक पृष्ठभूमि अपराधिक होने के कारण आरोपी ने भी यही रास्ते को चुना और कुल्लू की चरस को मैदानी क्षेत्रों में पहुंचाना शुरू कर दिया।
आरोपी चरस की खेप लेकर निकलते समय शातिर तरीका अपनाती थी। वह अपनी निजी गाड़ी के बजाय रोडवेज बसों में सफर करती थी, ताकि पुलिस और नाकों पर किसी को शक न हो। वह खुद कुरियर बनकर चरस की डिलीवरी देने सोनीपत पहुंची थी। वहां वह अपने साथी नरेश के साथ पकड़ी गई।
क्राइम ब्रांच के प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र हुड्डा ने कहा कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुल्लू की रहने वाली महिला तस्कर चरस की बड़ी खेप लेकर सोनीपत आ रही है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और घेराबंदी कर आरोपी महिला और उसके साथी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अढ़ाई किलो चरस बरामद हुई। सोनीपत पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कुल्लू में आरोपी को चरस कौन उपलब्ध करवाता था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय कई अन्य नशा तस्करों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

