कुल्लू। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर एसटीएफ (STF) ने 495 ग्राम चरस के साथ तीन युवक (Youth) गिरफ्तार (Arrest) किए हैं। STF सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई की है।
भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सिंऊड के पास 495 ग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपी पकड़े हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जून 2026 को STF पुलिस थाना सेंट्रल रेंज मंडी की टीम ने सिंऊड के पास नाकेबंदी के दौरान वाहनों की जांच की।
इस दौरान स्विफ्ट डिजायर कार (HP 01K 6974) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से 495 ग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीनानाथ (30) एवं कुंवर सिंह (36) निवासी गांव लाशणी डाकघर छयांवर तहसील भुंतर जिला कुल्लू और विवेक (26) निवासी रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। बरामद चरस के स्रोत, इसकी सप्लाई चेन तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। STF ने कहा है कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

