बैजनाथ। बीड़-बिलिंग घाटी में रविवार को दर्दनाक हादसा (Accident) हुआ है। यहां उत्तर प्रदेश (यूपी) के नोएडा की महिला पैराग्लाइडर (Paraglider) पायलट की मौत (Death) हो गई है। इस पायलट का बाकायदा लाइसेंस भी था। महिला पायलट की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के नोएडा जी 34 सेक्टर-25 गौतमबुद्ध नगर निवासी रितु चोपड़ा पत्नी आशुतोष चंद्रा के रूप में हुई है।
महिला पायलट और उसके पति कई दिनों से भर रहे थे उड़ान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला पायलट और उसके पति कई दिनों से यहां उड़ान भर रहे थे। महिला पायलट ने सुबह बिलिंग के टेकऑफ प्वाइंट (Takeoff point) से उड़ान भरी थी। बराहण गोल्फ कोर्स की पहाड़ियों में करीब 11:30 बजे उसका पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हेलिकॉप्टर से घायल महिला को बीड़ की लैंडिंग साइट में पहुंचाया
इस दौरान आसमान में उड़ान भर रहे महिला के पति आशुतोष चंद्रा जो वायुसेना में अधिकारी रह चुके हैं, ने अन्य 2 पायलटों जिगेश और फिलिप ने घटना स्थल पर आपात लैंडिंग की। आशुतोष ने महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए वायुसेना से मदद मांगी। ऊधमपुर एयरबेस से कुछ ही देर में वायुसेना का हेलिकॉप्टर घटनास्थल पर पहुंचा। हेलिकॉप्टर से महिला को बीड़ की लैंडिंग साइट में पहुंचाया गया।
महिला पायलट ने सिविल अस्पताल बैजनाथ में तोड़ा दम
लैंडिंग साइट से घायल महिला पायलट को सिविल अस्पताल बैजनाथ लाया गया। वहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम करवाकर महिला का शव परिजनों को सौंप दिया।