कांगड़ा। हिम बस (Bus) कार्ड (Card) से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में मुफ्त और रियायती यात्रा का लाभ मिलेगा। निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बनाए जा रहे हिम बस कार्ड अब पात्र कांगड़ा बस अड्डे सहित अन्य बस अड्डों और ऑनलाइन (Online) माध्यम से भी बना सकेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशों अनुसार अब यात्रियों के लिए नि:शुल्क और रियायती यात्रा सुविधाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएंगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में मुफ्त और रियायती यात्रा का लाभ उठाने के लिए पात्र लोगों को ₹ 236 का हिम बस कार्ड बनाया जा रहा है।
निगम ने हिम बस कार्ड योजना शुरू कर दी है। हिम बस कार्ड की एकमुश्त लागत 200 रुपये और जीएसटी रखी गई है। इसमें पहले वर्ष की रियायत शामिल होगी। दूसरे वर्ष से वार्षिक नवीनीकरण शुल्क ₹ 150 और जीएसटी देना होगा। स्रोत, गंतव्य, वर्ग या पदनाम में परिवर्तन की स्थिति में ₹ 50 और जीएसटी शुल्क लिया जाएगा। कार्ड खो जाने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में 200 रुपये और जीएसटी देकर नया कार्ड जारी किया जाएगा।
इसकी वैधता एक वर्ष रहेगी और आगे वार्षिक नवीनीकरण आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समस्त महिलाओं को इस माध्यम से रियायत का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश के सरकारी स्कूलों (10+2 तक), कॉलेजों, निजी व सरकारी शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी, राज्य व केंद्र सरकार के कर्मचारी, निगमों व बोर्डों के कर्मचारी, पुलिस कर्मी (कांस्टेबल से इंस्पेक्टर तक), जेल विभाग के अधिकारी (वार्डन से सहायक अधीक्षक तक), पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, स्वतंत्रता सेनानी व उनकी पत्नियां, राज्य और जिला स्तर के मान्यता प्राप्त पत्रकार, शौर्य पुरस्कार विजेता, युद्ध विधवाएं, विशेष रूप से सक्षम व्यक्ति, एचआरटीसी के दिवंगत या सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विधवाएं, सचिवालय सुरक्षा कर्मी, महिलाएं, केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थी, कुष्ठ रोगी, राज्य पुरस्कार प्राप्त बच्चे (21 वर्ष तक) तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक शामिल हैं।
