नीरज दीक्षित। नगरोटा बगवां
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) संचालन धर्मशाला के ऐतिहासिक कश्मीर हाउस से होगा। यह बात पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली (RS Bali) ने कही। उन्होंने बुधवार को नगरोटा बगवां (Nagrota Bagwan) में स्वर्गीय जीएस बाली (GS Bali) के जन्मदिन के मौके पर आयोजित किए जा रहे बाल मेले के कार्यों को लेकर बाल मेला कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना। इस मौके पर उनके साथ पर्यटन निगम के एमडी राजीव कुमार और एजीएम कैलाश ठाकुर मौजूद रहे।
उन्होंने कहा फिलहाल एचपीटीडीसी का यह अस्थाई कार्यालय होगा और आने वाले समय में जल्द इसे स्थाई ठिकाना मिलेगा। उन्होंने कहा कांगड़ा के लिए यह बड़े गर्व की बात है जो कि कांगड़ा जिले को इतनी बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा हमने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है, जिसे हम पूरा करके रहेंगे। उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। सीएम ने कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी बनाने के लिए कई निर्णय लिए हैं। इनमें कांगड़ा के बनखंडी में विश्व स्तरीय चिड़ियाघर बनाने, नगरोटा में देश का सबसे बड़ा फाउंटेन एवं और कई योजनाएं जल्द पूरीं होने जा रही हैं।
उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के समस्त अधिकारी और कर्मचारी अब धर्मशाला में बैठकर पूरे प्रदेश के पर्यटन का काम देंगे। उन्होंने कहा कांगड़ा में विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अनेक स्थल हैं। उन्होंने कहा कांगड़ा के गांवों में प्रकृति की भरपूर सौगाते हैं। ये सभी गांव अपने आप में पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा आने वाले कुछ वर्षों में कांगड़ा जिला पूरे विश्व में पर्यटन की दृष्टि से अपनी एक अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अनेकों योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनके पूर्ण होने के बाद पर्यटन का विकास स्वयं अपनी गाथा बताएगा।