कांगड़ा। जिले में सड़क हादसे (Accident) में मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर लौट रहे एक श्रद्धालु की मौत (Death) हो गई है। वहीं दूसरा घायल (Injured) हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां देहरा-रानीताल रोड पर बनखंडी के हरिपुर दोसड़का के पास बाइक (Bike) अनियंत्रित हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर की बाइक से चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क पर स्किड हो गई। हादसे में बाइक सवार कुलदीप कुमार (30) पुत्र राम प्रसाद निवासी आदर्श कॉलोनी हाजीपुर तहसील मुकेरिया जिला होशियारपुर (पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल ठाकुर (26) पुत्र विश्वजीत सिंह निवासी बडालिया डाकखाना हाजीपुर तहसील मुकेरियां जिला होशियारपुर (पंजाब) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक राहुल ठाकुर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपने दोस्त कुलदीप कुमार के साथ माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद दोनों बगलामुखी मंदिर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हरिपुर दोसड़का के पास पहुंचे तो बाइक की अनियंत्रित होकर स्किड हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुलदीप कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल ठाकुर का अस्पताल में इलाज जारी है।
देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने कहा है कि पुलिस ने घायल युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव को कब्जे में लेकर कर दर्ज कर दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

