एएम नाथ। चंबा
मिंजर मेला चंबा की समृद्ध परंपराओं, लोक कला-संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास का परिचायक है।
यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही। परिधि गृह में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने यह कहा कि हर्ष और समृद्धि का प्रतीक माने जाने वाला मिंजर मेला स्थानीय लोक परंपराओं के साथ-साथ देवी-देवताओं के प्रति कृतज्ञता, धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द को भी इंगित करता है।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग की 8 हजार से अधिक योजनाएं प्रभावित हुई हैं। संपूर्ण प्रदेश में विभाग को 1548 करोड़ से अधिक के नुकसान का आकलन किया गया है। विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर अधिकांश पेयजल योजनाओं को कार्यशील कर दिया गया है। उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकांश का निपटारा करते हुए शेष समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री का चंबा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी एवं ठाकुर सिंह भरमौरी, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।